समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निकाय चुनाव में धांधलेबाजी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता बूथों पर कब्जा कर रहे थे और उनके पास इस तरह का केमिकल था जो इंक के निशान को मिटा देता है और जिससे कि वह फर्जी मतदान कर पाएँ। अखिलेश यादव ने दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर पहलवानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन को अपना समर्थन दिया लेकिन वह बीजेपी सांसद और कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृज भूषण सिंह पर कोई बात कहने से बचते रहे। अखिलेश यादव ने एक आरोप यह भी लगाया कि मुस्लिम वोटरों को जानबूझकर मतदान केंद्रों तक पहुँचने से रोका जा रहा है। हमें मिली जानकारी के अनुसार इसके कारण जनता को परेशानी हो रही है। ऐसा सहारनपुर के क्षेत्र में किया जा रहा है और वहाँ पर पुलिस को आईडी कार्ड चेक करने के लिए भी कहा गया है जो कि अधिकार क्षेत्र में नहीं है। सपा प्रमुख ने बार-बार यह बात दोहराई कि बीजेपी कार्यालय से एक केमिकल सब को दिया जा रहा है जिससे कि इंक के निशान को मिटाया जा सकता है और दोबारा मतदान के लिए जाया जा सकता है। उन्होंने सहारनपुर में चुनावी गड़बड़ी की बात कही। साथ ही कहा कि मैनपुरी प्रशासन से भी बात की गई है। यहाँ पर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा धांधली की प्रक्रिया चल रही थी और समाजवादी पार्टी के वोटरों को बूथ पर पहुँचकर वोट देने से रोका जा रहा है। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता बूथ पर घुसकर कब्जा कर रहे थे। बीजेपी की सरकार प्रदेश को कोई ठीक व्यवस्था नहीं दे पाई है। स्मार्ट सिटी के नाम पर धाँधलेबाजी चल रही है। शहर बर्बादी की ओर जा रहे हैं। गोरखपुर मुख्यमंत्री का क्षेत्र है , फिर भी वह अपने इलाके को ठीक नहीं कर पाए हैं। अखिलेश यादव ने योगी सरकार की एनकाउंटर करने की नीति पर भी सवाल उठाया और कहा कि जिन जगहों पर एनकाउंटर किये जाते हैं , वहाँ की व्यवस्थाओं को क्यों नहीं सुधारा जा रहा। सरकार की सुरक्षा व्यवस्था की चूक से लोगों की जान जाती है। पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में यूपी नंबर वन है। साथ ही मानवाधिकार के मामलों में भी उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर है। दिल्ली के पहलवानों के जंतर-मंतर पर दिए जा रहे धरने को लेकर उन्होंने कहा कि धरना शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और चलते रहना चाहिए , जब तक उनको न्याय नहीं मिल जाता। बृजभूषण सिंह के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन पर कार्यवाही करने वाला मैं कौन होता हूँ ? उन पर तो कार्यवाही बीजेपी को करनी चाहिए। उन्होंने जातिगत जनगणना को भी लेकर बात कही उन्होंने कहा कि 2024 से पहले बीजेपी जातिगत जनगणना कराती है तो ठीक है वरना समाजवादी पार्टी और उससे जुड़ी हुई विचारधाराओं के साथ में हमेशा जातिगत जनगणना की बात करता रहूँगा। बीजेपी वाले दूसरों पर जातिवादी होने का आरोप लगाते हैं जबकि इनसे ज्यादा जातिवादी कोई है ही नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *